जौनपुर। जिले की दो सीटों पर ग्राम प्रधान पद का चुनाव स्थगित कर दिया गया है। नामांकन के बाद गांव के एक-एक प्रत्याशी के निधन के बाद आयोग ने यह निर्णय लिया है। शीघ्र ही यहां प्रधान पद पर चुनाव की नई तिथि घोषित होगी। गांव में बीडीसी सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। जिले में तीन व चार अप्रैल को पंचायत चुनाव के लिए नामांकन हुआ था। इसके बाद डोभी ब्लाक के उमरी ग्राम पंचायत से प्रधान पद के प्रत्याशी टूडी (51) पुत्र मीनाक यादव का निधन हो गया। रामनगर ब्लाक के राजापुर गांव में प्रधान पद की दावेदार किशोरी देवी पत्नी हरिनाथ यादव की मौत हो गई। आरओ की रिपोर्ट पर यहां ग्राम प्रधान पद का चुनाव निरस्त करने का फैसला लिया गया है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्यामनंदन उपाध्याय ने बताय कि इन गांवों में प्रधान पद का चुनाव नहीं होगा। अन्य पदों के लिए वोट पड़ेंगे। नई तिथि शीघ्र जारी होगी।