जौनपुर। जिले की अलग अलग थानों की पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन में दो प्रत्याशियों समेत तीस के खिलाफ केस दर्ज किया है जबकि दो प्रचार वाहनों को सीज कर दिया।
धर्मापुर: गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के सुरैला गांव से प्रधान पद के प्रत्याशी राकेश राजभर व कुरेथु गांव के एक प्रत्याशी अमिताभ पर चुनाव आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष रामप्रवेश कुशवाहा ने बताया कि दोनों प्रधान पद के प्रत्याशी गांव में जुलूस निकाल कर प्रचार कर रहे थे। मीरगंज: एसडीएम मछलीशहर अंजनी सिंह, सीओ अतर सिंह, थानाध्यक्ष मीरगंज श्रीप्रकाश राय पंचायत चुनाव के मद्देनजर भ्रमण कर रहे थे । जंघई के बभनियांव के पास वार्ड 38 से जिला पंचायत सदस्य पद के एक प्रत्याशी का वाहन लाऊडस्पीकर से प्रचार कर रहा था। जांच में पता चला कि प्रचार वाहन का पास नहीं है। इस पर लाउडस्पीकर समेत वाहन सीज कर दिया गया। बदलापुर: पुलिस ने भीमपुर वार्ड में चार पहिया वाहन से प्रचार कर रहे प्रत्याशी का वाहन सीज कर दिया। कोतवाली प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिली कि एक प्रत्याशी मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए गांव में कड़ाही बांट रहे हैं। पुलिस ने बीडीसी प्रत्याशी राय हरिश्चंद्र सिंह का चार पहिया वाहन और दो कड़ाही कब्जे में ले लिया। बीडीसी प्रत्याशी को चारपहिया वाहन से प्रचार करने की अनुमति नहीं है इस नाते वाहन भी सीज कर दिया गया। बदलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ेरेपुर में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 28 लोगों पर केस दर्ज किया है। रात में पुलिस को सूचना मिली कि कड़ेरेपुर और पूरागम्भीरशाह में बड़ी संख्या में लोग चुनाव प्रचार कर रहे हैं। पुलिस पहुंची तो समूह में लोग प्रचार करते मिले। पुलिस ने दोनों गांवों से 28 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।