जमानिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतीपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमर कुमार ने शुक्रवार को क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न हेल्थ वेलनेस सेंटरों और एएनएम उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। पटकनिया सीएचओ के अनुपस्थित मिलने पर नोटिस जारी करते हुए वेतन रोकने का निर्देश दिया।रेवतीपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमर कुमार सबसे पहले उतरौली और हसनपुरा हेल्थ सेंटर पहुंचे। जहां उन्होंने अभिलेखों का रखरखाव, दवाओं की उपलब्धता, परिसर की साफ-सफाई और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। यहां भी कई जगहों पर अनियमितताएं मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। इसके बाद वे सीधे पटकनिया स्थित हेल्थ वेलनेस सेंटर पर पहुंचे, जहां सेंटर पूरी तरह से बंद मिला और परिसर में भारी गंदगी फैली हुई थी। वहीं पास के एएनएम सेंटर पर महिला स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थीं, लेकिन वहां तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अर्चना मौर्या बिना किसी सूचना के गायब थीं। चिकित्सा अधीक्षक ने सेंटर की बदहाल स्थिति और सीएचओ की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए अर्चना मौर्या को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। साथ ही उनके वेतन को अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तीन दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो विभागीय कार्यवाही करते हुए सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जाएगी।