जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास तक की व्यवस्था की गई है, लेकिन अब भी 191 विद्यालय हैं जहां बिजली का कनेक्शन नहीं है। इनमें पढ़ने वाले बच्चों को तपती गर्मी में बिना पंखे और लाइट के पढ़ना मजबूरी है। इन विद्यालयों में बिजली कनेक्शन लेने के लिए एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा गया है।
जिले में कुल परिषदीय विद्यालयों की संख्या 2807 है। इनमें से 191 विद्यालय में अब तक बिजली के तार नहीं पहुंचे हैं। इस कारण न तो विद्यालयों में लाइट जल पाती है, ना ही पंखा चलता है। यही नहीं, कई विद्यालय ऐसे हैं जहां बिजली न होने से पानी की भी किल्लत है। ऐसे में तेज गर्मी और धूप में बच्चों को बिन पंखे पढ़ना मजबूरी है। बेसिक शिक्षा विभाग के मुताबिक इन सभी विद्यालयों की दूरी कनेक्शन वाले खंभे से 100 मीटर से अधिक है। ऐसे में अलग से तार खींच कर इन विद्यालयों को कनेक्शन देना होगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सभी विद्यालयों का एस्टीमेट बना कर शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद विद्यालयों का विद्युतीकरण किया जाएगा।
केस 1 -गौराबादशाहपुर जौनपुर धर्मापुर विकास खंड अंतर्गत बंजारेपुर प्राथमिक विद्यालय पर बिजली की सुविधा नही है। 40 वर्ष पुराने इस विद्यालय पर बगल में ही आंगनबाड़ी केंद्र भी चलता है, वहां भी बिजली नहीं पहुंची है। इस कारण नौनिहालों काे भी गर्मी में ही खेलना व पढ़ना पड़ता है।
केस 2-मछलीशहर ब्लाक के दशकों पुराने 22 विद्यालय ऐसे हैं, जिसमें बिजली का कनेक्शन नहीं है। इस कारण बच्चों को गर्मी में पढ़ना पड़ता है। करौरा विद्यालय 50 वर्ष पुराना है, भाटाडीह 20 वर्ष, बेलासिन 30 वर्ष, दाउदपुर 20 वर्ष तथा जीरकपुर 25 वर्ष पुराना विद्यालय है। इनको मिलाकर कुल 22 विद्यालयों में अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं है।
केस 3 -बदलापुर विकास क्षेत्र के 10 प्राथमिक विद्यालयों में आज तक बिजली का कनक्शन न होने से चिलचिलाती धूप व उमस भरी गर्मी में नौनिहाल पढ़नें को विवश हैं। प्रशासनिक दुर्व्यवस्था के परिणामस्वरूप प्राथमिक विद्यालय अर्जुनपुर, सिरकिना, बर्रेया, कैथौरा, बुढ़नेपुर, दुगौलीकला, रामपुर में बिजली का कनक्शन न होने से शौचालयों में भी पानी की समस्या बनी हुई है। बर्रैया में कनेक्शन के लिए रसीद कटने के तीन वर्ष बाद भी बिजली निगम ने कनेक्शन देना मुनासिब नहीं समझा।
विद्यालयों में बिजली कनेक्शन उपालब्ध कराने को शासन को प्रस्ताव भेजा है। स्वीकृति मिलते ही सभी प्रक्रियाएं पूरी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। - विवेक खन्ना, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम
248 विद्यालयों में विद्युतिकरण कराने को बिजली निगम को कुल 2.94 करोड़ रुपये मुहैया कराए गए हैं। बिजली निगम से जल्द काम पूरा कराने को कहा गया है। - डॉ. गोरखनाथ पटेल, बीएसए