शाहगंज। संस्कार भारती एवं संगीत नाटक अकादमी संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नगर के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पक्का पोखरा परिसर में ग्रीष्मकालीन कार्यशाला चल रही है।
मंगलवार को कार्यशाला में बच्चों ने कथक, योग और मेकअप का गुर सीखा। कथक सत्र में गुरु-शिष्य परंपरा में बच्चों ने उत्तर भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक का अभ्यास किया। उन्होंने ताल, लय और करताल के साथ वक्रतुंड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभः श्लोक पर प्रस्तुति दी।
सुबह योग सत्र में प्रशिक्षकों में अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, ताड़ासन, वृक्षासन समेत कई आसनों का अभ्यास कराया गया। मेहंदी सत्र में बच्चों ने पारंपरिक डिजाइनों जैसे कलश, कुंड, शहनाई, तबला, कमल एवं फूल-पत्ती बनाना सीखा। मेकअप सेशन में प्रशिक्षकों ने बाल काटना, थ्रेडिंग, फेशियल, आई मेकअप और हेयर स्टाइलिंग का प्रदर्शन किया। संस्था की अध्यक्ष रचित चौरसिया, महामंत्री राजकुमार कसेरा, संयोजक सुशील सेठ बागी ने सहयोग किया।