जौनपुर/रामपुर। स्कूल जाते समय बीते 6 अक्टूबर को अपहरण किए गए बालक को पुलिस ने मुंबई से खोज लिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी अरबाज को गिरफ्तार किया है। वहीं, उसके सहयोगी की तलाश पुलिस कर रही है। सीओ मडि़याहूं विवेक सिंह ने बताया कि आरोपी अरबाज ने पूछताछ में बताया कि पॉक्सो एक्ट में दर्ज मुकदमा वापस लेने के लिए उसने बच्चे का अपहरण किया था। मुकदमा के दौरान खर्च हुए रुपये की भरपाई के लिए उसने 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रामपुर पुलिस के अनुसार, आरोपी मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के ईदगाह के पास भंडरिया टोला निवासी अरबाज गोपालापुर थाना रामपुर में रहता है। वह बच्चे की बड़ी बहन के साथ दुष्कर्म के आरोप में साल 2025 में जेल गया था। आरोपी पर पॉस्को एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी। मामले में वह 19 जून 2026 को जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया था। आरोप है कि इसके बाद उसने मुकदमे खत्म कराने के लिए वारदात को अंजाम दिया है। छह अक्तूबर को दोपहर करीब 12 बजे स्कूल जा रहे पीड़िता के भाई को अपने साथी के साथ अगवा कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बालक का मुंह ढककर आरोपी उसे मोटरसाइकिल से मड़ियाहूं ले गया। वहां से जौनपुर लाया। यहां से अपने एक साथी के साथ ट्रेन से मुंबई पहुंचा। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क साधकर पीड़िता से 10 लाख रुपये की मांग की गई। इसके साथ ही वह मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। इधर जांच में जुटी पुलिस की टीम महाराष्ट्र पहुंच गई। स्थानीय पुलिस की मदद से मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम नवी मुंबई के तुर्भे स्थित सेक्टर-24 में 10 अक्टूबर को पहुंची। पुलिस के अनुसार, वहां आरोपी बच्चे के साथ मिला। पुलिस को देखकर उसने बच्चे को छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। सीओ मड़ियाहूं विवेक सिंह ने बताया कि आरोपी को 10 अक्तूबर की रात गिरफ्तार करने के बाद स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 96 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिला। इसके बाद पुलिस टीम 11 अक्तूबर को आरोपी और बच्चे को लेकर फ्लाइट से जौनपुर पहुंची।