मल्हनी। सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के आनापुर गांव के पास शुक्रवार को सुबह बाइक की चपेट में आकर घायल मासूम की देर शाम इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। रात करीब आठ बजे मामा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आनापुर गांव निवासी सुरेंद्र की बेटी शशिकला का पति से विवाद चल रहा था। इसके कारण वह बेटे और बेटी के साथ अपने पिता के घर आनापुर आकर रहने लगी। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शशिकला का बेटा आयांश (5) अपने घर पास खेल रहा था। तभी जमुहाई की तरफ से तेज गति से आई बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इससे आयांश घायल हो गया। ग्रामीणों ने बाइक चालक को रोक लिया। उधर आयांश की हालत बिगड़ती देख ग्रामीणों ने निजी वाहन से उसे जौनपुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। उधर मौके का फायदा उठाकर बाइक चालक वाहन से भाग गया। देर शाम करीब सात बजे इलाज के दौरान आयांश की मौत गई। जब आयांश का शव लेकर परिजन घर पहुंचे तो उसके मामा गोविंदा ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। सरायख्वाजा थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है।