जौनपुर। जिले में बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव हो गया। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से एक बालक और बकरी की जहां मौत हो गई। वहीं, एक ही गांव में आठ लोग झुलस गए। इनमें तीन की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के सेतापुर में मंगलवार को दलित बस्ती निवासी अवनीश (11) पुत्र पुरषोत्तम गौतम घर से तीन सौ मीटर दूर बकरी चराने गया था। इस दौरान बिजली बकरी और किशोर पर गिरी, जिससे मौके पर ही बालक और बकरी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौत की खबर से बड़े भाई विनय कुमार, माता सुनीता देवी, बहन रंजना व संजना का रो रोकर बुरा हाल है। अवनीश गांव के कम्पोजिट विद्यालय के कक्षा पांच का छात्र था स्कूल से लौटने के बाद वह खेत में बकरी चराने गया था।
सुजानगंज क्षेत्र के गुवावा गांव के एक खेत में नन्हेलाल (30) पुत्र रघुनाथ सरोज, बैजनाथ (60) पुत्र बृजलाल सरोज, प्यारेलाल (40) पुत्र अमरनाथ सरोज, उर्मिला (37) पत्नी प्यारेलाल सरोज, शोभनाथ (60) पुत्र रामजस सरोज, रूपेश (25) पुत्र रामकुमार सरोज, खालिक (42) पुत्र कुदरत अली, रामकुमार (52) पुत्र अर्जुन सरोज धान की रोपाई कर रहे थे। बारिश तेज हो जाने से सभी लोग खेत के पास ही बने टीन शेड के नीचे चले गए। शाम करीब चार बजे अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गिरी, जिससे सभी लोग गिर गए और बेहोश हो गए। ग्रामीणों की सहायता से एंबुलेंस को तुरंत बुलाया गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज में इलाज हेतु भर्ती कराया गया। इनमें से उर्मिला, रूपेश और खालिक की हालत नाजुक देखकर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। राजाबाजार महराजगंज क्षेत्र के केवटली गांव में हीरालाल बिंद के मकान के बरामदे पर बिजली गिरने से बरामदे का एक पिलर फट गया। संयोग अच्छा था कि घटना के दौरान बरामदे में कोई नहीं था।