बरसठी के खुआवां गांव के मृतक रुद्र प्रजापति की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
बरसठी। थाना क्षेत्र के खुआवा गांव में खेत की सिंचाई के लिए बने पंपसेट की पानी की टंकी में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम की है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। देर शाम परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मुकेश उर्फ चंदन प्रजापति ने बताया कि उनका बेटा रुद्र प्रजापति बुधवार की शाम अपने दादा राजेंद्र प्रसाद उर्फ तलईराम के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित बगीचे में गया था। भीषण गर्मी और उमस के चलते दादा उसे खुले स्थान पर लेकर बैठे थे। कुछ देर बाद दोनों घर लौट आए। घर पहुंचने पर दादा गाय दुहने में व्यस्त हो गए। इसी बीच रुद्र खेलते-खेलते फिर बगीचे की ओर निकल गया। 20 मिनट बाद जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह बगीचे में सिंचाई के लिए बनी पंपसेट की पानी की टंकी में औंधे मुंह मिला। परिजन तत्काल उसे बाहर निकालकर एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रुद्र दो बहनों के बीच का मंझला और परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी असमय मौत से मां इन्द्रकला देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मासूम की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।