खेतासराय। क्षेत्र के सोंगर गांव में बृहस्पतिवार की सायं करीब 5 बजे घर के सामने खड़े बालक की ट्रैक्टर के चपेट में आने से मौत हो गई। सोंगर गांव निवासी आदम सिद्दीकी(4) पुत्र अकबर सिद्दीकी अपने घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले में एक ट्रैक्टर ईंट गिरा कर वापस जा रहा था। बालक आदम उसकी चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि सोंगर में एक बालक के ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत की सूचना मिली थी। टैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
खड़े ट्रक से कार टकराई, तीन घायल-जफराबाद। जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित एक ढाबे के सामने बुधवार की रात खड़े ट्रक से एक कार टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालात गंभीर बताई जा रही है। मियांपुर निवासी अनिकेत वर्मा पुत्र दिनेश चंद्र वर्मा, प्रदीप कुमार भरद्वाज पुत्र बबलू तथा नीरज यादव पुत्र राजेश यादव निवासी सरोनी केराकत कार से जौनपुर से वाराणसी की तरफ जा रहे थे। उनकी कार जगदीशपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित एक ढाबे के सामने खड़े ट्रक से जाकर टकरा गई। घटना में तीनों घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां से प्रदीप की हालत गंभीर देखकर ट्राॅमा सेंटर बीएचयू रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष जफराबाद जय प्रकाश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी है लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गड्ढे में गिरकर बाइक सवार दो घायल-सुइथाकला। सरपतहां थाना क्षेत्र के खानपुर चौरवा मंदिर के पास बाइक सवार अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। सवायन गांव निवासी शशिकांत(19) बाइक से पूरा संभलशाह गांव निवासी अपनी मौसी रीना(33) पत्नी धीरेंद्र को लेकर दीदारगंज से घर वापस ला रहा था। खानपुर चौरवा गांव के पास पहुंचा था। दुर्गा मंदिर के पास लखनऊ-बलिया मार्ग पर अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गए। इसमें दोनों को गंभीर चोट आई। उन्हें शाहगंज सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि घायलों को पुलिस अस्पताल पहुंचाई है।