बदलापुर। बदलापुर महोत्सव में इस बार सामूहिक विवाह कराए जाएंगे। इस मौैके पर दो हजार लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसबात का फैसला रविवार को सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज में हुई बैठक में लिया गया।
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि महोत्सव के पहले दिन एक नवंबर को 251 जोड़ियों की शादी कराई जाएगी। शादिया मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कराई जाएंगी। लखनऊ के पचीस बच्चों की एक टीम श्रीराम कथा सुनाएगी। प्रदेश के कई मंत्री विवाह समारोह में शामिल होंगे। ड्रोन से वर-वधू पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दो नवंबर को महोत्सव में स्थानीय स्तर पर कलाकार प्रस्तुति देंगे। एक और दो नवंबर को रूट डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात फोरलेन से संचालित होगा। इंदिरा चौक से जौनपुर रोड स्थित सब्जी मंडी, रेलवे क्रासिंग भलुआही से नगरपंचायत कार्यालय तक लाइटिंग कराई जाएगी। नगर की सफाई, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था करने के लिए नगर पंचायत को कहा गया है। अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जरूरी बंदोबस्त किए जा रहे हैं। बैठक में सल्तनत बहादुर इंटर कालेज के प्रबन्धक ओमप्रकाश सिंह, पीजी कालेज के प्रबन्धक विनोद कुमार सिंह ,विधायक प्रतिनिधि गंगा प्रसाद सिंह, तहसील उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधि अनिल कुमार सिंह , जय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।