जौनपुर। जनपद न्यायाधीश कार्यालय में तैनात प्रधान सहायक अभिषेक श्रीवास्तव धोखाधड़ी के शिकार हो गए। धोखाधड़ी करने वाला व्यक्ति अपर जिला जज बनकर उनसे 1.58 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिया। लाइन बाजार थाने में धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
दीवानी न्यायालय में तैनात प्रधान सहायक अभिषेक श्रीवास्तव ने लाइन बाजार थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई कि 11 नवंबर को सायं 6:36 बजे मोबाइल नंबर पर फोन आया। उसने अपना नाम शक्ति सिंह अपर जिला जज बताया। उनसे व उनके परिवार के सदस्यों का हाल-चाल पूछा। बरेली जजशिप में कार्यरत रहने के दौरान शक्ति सिंह नाम के एक न्यायिक अधिकारी वहां तैनात थे जो वादी से परिचित थे। आरोपी व्यक्ति ने अपने किसी नजदीकी व्यक्ति के बीमार होने का हवाला देते हुए वादी से यूपीआई आईडी नंबर पर 1.58 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिया। कथित शक्ति सिंह से बात करने का प्रयास करने पर उसने फोन काट दिया और फिर नहीं उठाया। अनहोनी की आशंका पर वादी ने अपने घर के अभिलेखों से शक्ति सिंह न्यायिक अधिकारी का मोबाइल नंबर तलाश कर उनसे बात किया तो पता चला कि उन्होंने न तो वादी को फोन किया और न ही उनके द्वारा अपने किसी सहयोग की बात ही कही गई। इस बाबत लाइन बाजार एसओ संजय वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है, साइबर सेल की मदद से जांच पड़ताल की जाएगी।