नवरात्रि की तैयारियों को लेकर गजरा और माला से सजी दुकानें। स्रोत-संवाद
धर्मापुर। पूर्वांचल की आस्था के प्रमुख केंद्र, प्रसिद्ध शक्तिपीठ शीतला चौकिया धाम में चैत्र नवरात्र के लिए उत्सव का माहौल अभी से दिखने लगा है। 19 मार्च (बृहस्पतिवार) से शुरू हो रहे नवरात्र के लिए धाम परिसर में नारियल, चुनरी, माला और शृंगार की दुकानें सज चुकी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दुकानदारों ने समय से पहले ही स्टॉक जमा कर लिया है। इस बार खास तौर पर आंध्र प्रदेश से भारी मात्रा में नारियल मंगाए गए हैं। अनुमान है कि नौ दिनों के भीतर केवल नारियल की बिक्री ही लाखों रुपये तक पहुंच जाएगी। माता के शृंगार के लिए बाजार में 20 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक की आकर्षक चुनरियां उपलब्ध हैं। साथ ही, लाल-सफेद गुलाब, गेंदा और गुलदावरी जैसे सुगंधित फूलों की खेप भी पहुंचनी शुरू हो गई है। बसंत माली, बृजेश माली और प्रियांशु माली समेत धाम के करीब 250 दुकानदार भक्तों के स्वागत और पूजन सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटे हैं। मंदिर के महंत विवेकानंद महाराज ने बताया कि 15 और 16 मार्च से धाम परिसर में युद्ध स्तर पर साफ-सफाई का अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, मंदिर की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों की सफाई के लिए नगर पालिका और अधिशासी अधिकारी (ईओ) को भी सूचित कर दिया गया है ताकि भक्तों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।