बरसठी/धर्मापुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जमीन विवाद में जमकर खूनी संघर्ष हुए। मारपीट में महिलाओं समेत 14 लोग घायल हो गए। नजदीकी अस्पतालों में उपचार के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के निसान गांव में लाल बहादुर व रामकृष्ण में पुराना जमीन विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद में मंगलवार को दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए। मारपीट में एक पक्ष से रामकृष्ण (25), रघुनाथ (47), मालती (44) और दूसरे पक्ष से लाल बहादुर (43), अमृता (40), गीता (38), राहुल (22) घायल हो गए। मालती और राहुल का सिर फट गया है। सभी को सीएचसी ले जाया गया। एसओ रामप्रवेश कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, बरसठी थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में अखिलेश गिरी और शंभू नाथ गिरी के बीच में काफी दिनों से जमीन विवाद चला आ रहा है। मंगलवार की सुबह विवादित भूमि पर बाउंड्री निर्माण को लेकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडे के साथ ईंट पत्थर चलने लगे। मारपीट में एक पक्ष से अखिलेश गिरी (55), राजेश (40), योगेश (28), प्रशांत गिरी (25), शिवकुमारी (35), अनिरुद्ध (32) और दूसरे पक्ष के पंकज गिरी को चोट आई। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी बरसठी पहुंचाया। अखिलेश गिरी की गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।