गौराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बारी गांव में स्थापित डा. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा सोमवार की रात में अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दी। सुबह बस्ती के लोगों को इसकी भनक लगी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने हल्ला मचाना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मूर्ति की मरम्मत कराने का आश्वासन देकर किसी तरह लोगों को शांत कराया। दोपहर बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराकर उसे पेंट करा दिया।
बारी गांव में करीब 20 साल पहले डा. भीम राव आम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई है। सुबह बस्ती के लोग प्रतिमा की तरफ गए तो देखा नाक और चेहरा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इसकी सूचना डायल 100 और एसपी को दी गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रतिमा की मरम्मत कराने का भरोसा दिया तो लोगों का गुस्सा शांत हुआ। थाना अध्यक्ष सुरेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर राजगीर बुलवाए और क्षतिग्रस्त प्रतिमा की मरम्मत कराकर उसे पेंट करा दिया। अराजक तत्वों ने इसके पहले भी तीन बार इस प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर चुके हैं।