बारिश से लौटी ठंड, सड़क पर फिसलन
गेंहू और अन्य फसलों के लिए लाभदायक है हल्की बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
जौनपुर। मौसम का मिजाज गुरुवार की रात बदल गया। रात में बूंदाबादी हुई, जिसके चलते ठंड बढ़ गई। सड़क पर भी फिसलन हो गई है। शुक्रवार की सुबह कुछ देर धूप निकली लेकिन बादमें बादल घिर आए। दोपहर बाद कई चक्रों में रुक-रुक बारिश अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विज्ञानी डा. डीपी उपाध्याय और कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा के मौसम विज्ञानी डा. पंकज जायसवाल ने कहा की हल्की बारिश से गेहूं, जौ, सरसों, मटर, अरहर आदि फसलों के लिए फायदेमंद है। 21 से 25 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं। ऐसे में किसान भाइयों को सलाह दी जाती है कि वह मौसम के अनुरूप खेती करें. पशुपालक पशुओं को भीतर ही बांधे और जो फसल काटी गई है, उसे खेतों में न छोड़ें। यह बारिश गेहूं की फसल के लिए लाभप्रद हो सकती है। जिन्होंने अभी सिंचाई नहीं की है, इसके साथ जो सरसों आदि की फसल काटी जा रही है उसे खेतों में ना छोड़े। बारिश होने से गंदगी फैलने और संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बढ़ा गया है। मौसम में आए बदलाव से नवजात शिशुओं और बुजुर्गो को परेशानी बढ़ने का खतरा रहता है। खासकर सांस के मरीजों के लिए यह मौसम नुकसानदायक होता है। बाल रोग विशेषज्ञ डा. मुकेश शुक्ल का कहना है कि नवजात शिशुओं को सर्द हवाओं से बचाने की जरूरत होती है। बारिश के चलते कई स्थानों पर पड़े कचरे के ढेर से गंदगी का माहौल हो गया है।