पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड वाराणसी मंडल की ओर से शुक्रवार को शाहगंज स्थित विद्युत उपकेंद्र पर परिवर्तन निर्गमन केंद्र का उद्घाटन प्रदेश के ऊर्जा एवं नियोजन राज्य मंत्री ललई यादव ने विधि विधान से किया।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में पूरे प्रदेश में कोई कटौती नहीं की जा रही है। विरोधी दल के लोग बिजली के लिए धरना प्रदर्शन करने का मौका नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर के लिए अब लोगों को जिला मुख्यालय न जाना पड़े गा।
शाहगंज से ही उन्हें दो दिन के अंदर ट्रांसफार्मर मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व सिद्दीकपुर में बन रहे मेडिकल कालेज व क्षेत्र के गैरवाह में चार सौ केवीए का उपकेंद्र बनकर तैयार हो जाएगा।
भादी और खेतासराय के बीच विद्युत सब स्टेशन का काम जून तक शुरू करा दिया जाएगा। समारोह को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी एके सिंह, जौनपुर वितरण खंड के एक्सईएन आरएन सिंह, बेचन सिंह आदि ने संबोधित किया।
उधर, पट्टीनरेंद्र पुर में शुक्रवार को प्रदेश के नियोजन एवं ऊर्जा राज्य मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उपकेंद्र बनने से ओवरलोड की समस्या दूर हो जाएगी।
समारोह की अध्यक्षता प्यारेमोहन यादव ने किया। विद्युत विभाग के एमडी एके सिंह को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य अभियंता आरके शर्मा, उदय प्रताप सिंह, त्रिभुवन यादव, हनुमान सिंह, बबलू पांडेय, ललित दीक्षित, कमलेश मिश्र, मतीन अहमद, राकेश वर्मा, राजेंद्र यादव और सुभाष यादव आदि थे।