वाराणसी। पांडेयपुर क्षेत्र की प्रेमचंद नगर कॉलोनी के मोड़ पर वृद्धा उर्मिला देवी से चेन छीनने के आरोपी तीन बदमाश 42 सीसी कैमरों की फुटेज से 30 घंटे बाद पकड़े गए। आरोपियों की पहचान जौनपुर जिले के चंदवक थाना के बीरभानपुर निवासी सुचित कुमार उर्फ गब्बर व बलुआ के राजेश कुमार उर्फ राजू और केराकत थाना के दलाल टोला के खुर्शीद अंसारी के रूप में हुई है। तीनों के पास से छीनी गई चेन, वारदात में प्रयुक्त मोपेड और 250 रुपये बरामद हुए।प्रेमचंद नगर कॉलोनी मोड़ पर छह अक्तूबर की दोपहर उर्मिला देवी के गले पर झपट्टा मार कर उनकी सोने की चेन एक बदमाश छीन लिया था। इसके बाद पैदल ही वह भाग गया था। एडीसीपी वरुणा पार मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष लालपुर पांडेयपुर मनोज कुमार के नेतृत्व में दरोगा अरविंद यादव, नीरज कुमार व अमित सिंह और हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार मौर्य व शिवकुमार प्रसाद की टीम ने सीसी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। बदमाशों और उनकी मोपेड को चिह्नित कर शनिवार की रात उन्हें गिरफ्तार
कर लिया गया।
सुचित ने बताया कि वह और खुर्शीद इन दिनों लक्सा क्षेत्र में एक होटल में प्लास्टर ऑफ पेरिस का काम कर रहे थे। दोनों लालपुर क्षेत्र में किराये पर कमरा ले रखे हैं। दोनों के ऊपर कर्ज है। वह दोनों छह अक्तूबर की दोपहर मोपेड से पांडेयपुर चौराहे की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक वृद्धा सोने की चेन पहने हुए पैदल जाते हुए दिखी।सुचित ने कहा कि वह मोपेड लेकर सड़क पर खड़ा हो गया। खुर्शीद वृद्धा के पीछे गली में गया और चेन छीनकर भाग गया। दोनों चेन को बनारस में ही बेचना चाह रहे थे, लेकिन उनके दोस्त राजेश ने उसे पटना में बेचने की सलाह दी। इस पर पटना का टिकट लिया गया, लेकिन कैंट स्टेशन आने पर पता लगा कि ट्रेन कैंसिल है। इसके बाद तीनों मुगलसराय जाने के लिए कैंट स्टेशन के सामने फ्लाईओवर के नीचे खड़े थे, तब तक न जाने कैसे पुलिस आ गई और उन्हें पकड़ ली। खुर्शीद के खिलाफ शिवपुर थाने में लूट का एक मुकदमा पहले से दर्ज है।