जौनपुर। मुफ्तीगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत घुरहूपुर के राजस्व गांव कटका में आरोप है कि प्रधान व लेखपाल ने जबरन पांच लोगों के खेत में खड़ंजा लगवा दिया। इसे लेकर लोगों में काफी आक्रोश है। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सीडीओ ने खड़ंजा निरस्त कर दिया। सीडीओ ने खड़ंजे के निर्माण का मास्टर रोल निरस्त करते हुए भुगतान पर रोक लगा दी है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि गांव निवासी प्रमोद मिश्रा, राकेश मिश्रा, कल्पनाथ राम, गौरीशंकर चौरसिया व तौहीद की भूमिधरी भूमि में मानक से अधिक चौड़ा खड़ंजा प्रधान के पति प्यारेलाल व लेखपाल विकास गौतम ने जबरन लगा दिया। साथ ही रामबचन मौर्य, हरदेव मौर्य व राम अकबाल मौर्य के खेत में जबरन खड़ंजा लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी केराकत, मुख्य विकास अधिकारी से खड़ंजे को राजस्व अभिलेख में दर्ज चौड़ाई के अनुरूप लगाने की गुहार लगाई। इसको संज्ञान में लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने बीडीओ मुफ्तीगंज अस्मिता सेन को मौके पर जाकर सत्यापन के लिए निर्देशित किया।निरीक्षण में ग्रामीणों का आरोप सही पाए जाने पर उक्त खड़ंजे के निर्माण पर रोक लगा दी गई।खड़ंजे के निर्माण का मास्टर रोल कैंसिल कर भुगतान पर भी रोक लगा दी गई है।