भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में 12 जिलों के 30 हजार कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संबोधित करेंगे। सम्मेलन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। 12 भागों में प्रशासनिक व्यवस्था और समारोह स्थल को 16 भागों में विभक्त किया गया है।
काशी प्रांत के अध्यक्ष, संगठन मंत्री, प्रदेश के सह प्रभारी सुनील ओझा ने डेरा डाल दिया है। समारोह स्थल न केवल सीसीटीवी कैमरे की जद में होगा बल्कि पूरे कार्यक्रम की वीडियो फिल्म भी बनाई जाएगी।
टीडी कालेज के स्टेडियम में होने वाले इस सम्मेलन में वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, कौशांबी, अमेठी, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर के बूथ अध्यक्ष, सेक्टर प्रमुख, मंडल अध्यक्ष भाग लेंगे।
इसके अलावा जिलों के सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी भी रहेंगे। गैर जिलों से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था पालीटेक्निक मैदान, बीआरपी कालेज, टीडी कालेज, कृषि भवन आदि स्थानों पर सम्मेलन के लिए जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए हैं।
उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय ने बताया कि बूथ अध्यक्ष सम्मेलन ऐतिहासिक होगा। बताया कि वीआईपी पार्किंग सिद्धार्थ उपवन और टीडी कालेज में किया गया है।
वाराणसी की तरफ से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए खरजूपुर, मड़ियाहूं की तरफ से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए चांदपुर कोल्डस्टोरेज के पास, इलाहाबाद से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए फतेहगंज, बदलापुर की तरफ से आने वाले कार्यकर्ताओं के लिए कुल्हनामऊ, केराकत के लिए धर्मापुर में भोजन आदि की व्यवस्था है।