सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेेंसी
जौनपुर। एनआरसी और सीएए के विरोध में शुक्रवार को शहर में निषेधाज्ञा तोड़ते हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव की घटना में पुलिस शरारती तत्वों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इस मामले में पुलिस ने नगर कोतवाल पवन उपाध्याय की तहरीर पर 14 नामजद समेत सवा सौ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। तीन को गिरफ्तार कर पुलिस चालान कर चुकी है।
शहर में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने की कोशिश करने के मामले में अब अज्ञात लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की तैयारी पुलिस ने किया है। इसके लिए प्रदर्शन के दौरान पुलिस की ओर से की गई वीडियो रिकार्डिंग के अलावा जगह जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है। मामले में जिन 14 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है उनमें से तीन की गिरफ्तारी हुई है जबकि 11 आरोपियों की अभी भी पुलिस को तलाश है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी सिटी डॉ अनिल पांडेय का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान मुस्लिम समाज के भी तमाम लोगों ने आपसी सौहार्द को बनाए रखने में पूरी जिम्मेदारी निभाई लेकिन कुछ शरारती तत्वों ने शहर के माहौल को खराब करने का प्रयास किया था। उनके खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।