खुटहन। मखदूमपुर गांव का निवासी एक लाख रुपये के इनामी अंतरप्रांतीय गोवंशीय तस्कर रवींद्र वर्मा को शनिवार की रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वो छह महीने से पुलिस की पकड़ से दूर था। आरोपी जौनपुर समेत कई जनपदों और गुजरात पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 85 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार अपनी टीम के साथ शनिवार रात अपराधियों की तलाश में पटैला बाजार के पास मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित रवींद्र वर्मा ग्रामीण विकास इंटर कॉलेज पटैला-मखदूमपुर मोड़ के पास अपने घर जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रात लगभग 11 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर चोरी, आपराधिक साजिश और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था। जनवरी माह में पुलिस घेराबंदी के दौरान वह फायरिंग करते हुए भाग गया था। उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। रविवार को पुलिस ने उसका चालान भेज दिया।
सीओ शाहगंज गिरेंद्र सिंह ने बताया कि रवींद्र वर्मा के खिलाफ खुटहन, केराकत, चंदवक, शाहगंज, मछलीशहर, सरपतहां सहित जौनपुर के विभिन्न थानों के अलावा अयोध्या, सुलतानपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, भदोही तथा गुजरात के सूरत शहर में भी मामले दर्ज हैं।