जफराबाद थानाक्षेत्र के भुलेमऊ धर्मापुर बाजार स्थित सराफा की दुकान में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी और 55 हजार के आभूषण चुरा ले गए। एक सप्ताह के अंदर ज्वेलरी की दो दुकानों में चोरी से दुकानदारों में रोष है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर उत्तरी निवासी गोरखनाथ सेठ की भुलेमऊ बाजार में सूरज ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। रोज की तरह शाम को वह दुकान बंद कर घर चले गए।
चोर रात में दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गए और वहांं पर रखी अलमारी तोड़ दी। उसके बाद उसमें रखे 2400 नकद और 55 हजार के गहने उठा ले गए। सुबह लोगों ने दुकानदार को घटना की जानकारी दी। डायल 112 पुलिस पहुंची। उसके बाद सीओ सिटी देवेश सिंह ने पहुंचकर दुकानदार से घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी डेढ़ घंटे तक मामले की जांच-पड़ताल की। इससे पहले 22 नवंबर को बाजार में ही सत्यम सिंह ज्वेलर्स की दुकान से 20 हजार नकदी सहित एक लाख की चोरी हुई थी। सीओ सिटी ने कहा कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।