जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र फूलपुर पुलिया के पास बदमाशों ने हमला कर एक रेस्टोरेंट के मैनेजर व सहयोगी को मारपीट कर जख्मी कर दिया। उसके पास नकदी व चेन भी छीन ले गए। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
लाइन बाजार के गहोरा निवासी पीड़ित राजेश यादव के अनुसार हुसेनाबाद (सिविल लाइन) एक रेस्टोरेंट में मैनेजर हैं। मंगलवार की रात रेस्टूरेंट से छुट्टी के बाद गांव के ही निवासी सहयोगी कर्मी मुकेश विश्वकर्मा के साथ बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में फूलपुर पुलिया के पास घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त कर दिया। जेब में रखे दस हजार रुपये व गले से सोने की चेन छीन ली। किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने पर दोनों को जान से मार डालने की धमकी देते हुए चले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र ने इस बारे में पूछने पर कहा कि तहरीर मिली है। छानबीन कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।