जौनपुर। हर महीने की तरह इस बार भी मार्च के तीसरे शनिवार को जिले के सभी 29 थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें 155 शिकायतों में से महज 27 का ही समाधान हो पाया। हद तो यह रही कि थाना दिवस पर भी सिर्फ राजस्व से जुड़े शिकायत पत्र ही मिले।
जिले में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर लोग सवाल उठा रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक करीब पांच वर्षों में 30 हजार से अधिक जमीन संबंधी मामले सभी तहसीलों में लंबित हैं। समाधान दिवस पर भी सबसे अधिक मामले जमीन विवाद से जुड़े आए। डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने कोतवाली थाने में समस्याएं सुनीं और राजस्व कर्मियों को सभी मामलाें का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। थाना समाधान दिवस पर शनिवार को सबसे अधिक समस्याएं सरायख्वाजा थाने में आईं। यहां 20 शिकायतों में से 4 का समाधान हुआ। शहर कोतवाली में 10 शिकायतों में से 7 का, जफराबाद में 7 मामलों में से एक ही शिकायत का समाधान हो पाया। सबसे कम शिकायतें सिंगरामऊ में आईं। यहां दो में से एक का समाधान हो पाया।
केस:1 -सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के अफलेपुर गांव के निवासी कल्पा देवी ने प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की कि पड़ोसियों द्वारा उसकी नामित जमीन पर अपना हक जताते हुए कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। जमीन को लेकर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। पीड़िता ने कोर्ट का फैसला आने तक यथा स्थिति बनाए रखने की गुहार लगाई है।
केस: 2 -अफलेपुर गांव के निवासी राम सरन गौतम ने प्रार्थना पत्र दिया कि उसकी जमीन पर पड़ोसियों द्वारा बिना किसी आदेश के ही उसके जमीन पर मकान बनाने का कार्य किया जा रहा है जबकि उपजिलाधिकारी को धारा 24 के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया है। पीड़ित ने थाने पर प्रार्थना पत्र देकर जब तक पत्थर गाड़ी के आदेश नहीं हो जाता तब तक यथा स्थिति कायम रखने की गुहार लगाई है।
थाना समाधान दिवस पर जो भी शिकायतें आई हैं उनका त्वरित समाधान का आदेश दिया है। राजस्व के मामलों के लिए राजस्व कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान कराया जाएगा। - डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक जौनपुर