बदलापुर। उपनिबंधन कार्यालय में बीते दिनों दो ठगों ने साजिश रचकर महिला व उसके पिता को धोखा देते हुए 35 लाख से अधिक की भूमि नाम बदलकर बैनामा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी बालमुकुंद मिश्र व राम आसरे के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
रजिस्ट्री कार्यालय में दो व्यक्तियों ने साजिश कर ग्राम लमहन थाना महराजगंज की दूसरे के नाम की एक जमीन को गलत तरीके से ग्राम पिलकिछा थाना खुटहन निवासी जवाहरलाल एवं उसकी पुत्री जूली के नाम रजिस्ट्री कर दी जबकि जमीन मालिक रामनयन सपरिवार दिल्ली में रहते हैं। जवाहरलाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बालमुकुंद मिश्र व राम आसरे निवासी लमहन थाना महराजगंज पर धोखाधड़ी करने, गाली-गलौज देने तथा जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर कर लिया है।
जवाहर लाल का आरोप है कि बालमुकुंद मिश्र तहसील के बगल में कंप्यूटर की दुकान चलाता है। आते-जाते उससे परिचय हो गया था। उसने बताया कि उनके गांव के रामनयन जमीन बेचना चाहते हैं। यदि लेना है तो दिलवा दूंगा। उसने किसी और से रामनयन के नाम पर बात भी करवा दी। चार अगस्त को रजिस्ट्री की तिथि पर तथाकथित ने रजिस्ट्री जवाहर लाल व उनकी पुत्री के नाम पर कर दिया। इसके एवज में पैंतीस लाख रुपये से अधिक बालमुकुंद ने ले लिया। बाद में पता चला कि रजिस्ट्री करने वाला व्यक्ति रामनयन नहीं थे बल्कि बालमुकुंद के गांव के राम आसरे था। थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर जांच पड़ताल की जा रही है।