जौनपुर में मजदूरों के खाते में आई मनरेगा की मजदूरी हड़पने वाले एक और ग्राम प्रधान पर केस दर्ज हुआ है। मजदूरों की शिकायत पर हुई जांच के बाद डीएम के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। पिछले दस दिनों के अंदर ऐसे करीब आधा दर्जन गांवों के प्रधान के विरुद्ध केस दर्ज हुआ है, जिन्होंने मनरेगा मजदूरों की मजदूरी हड़प ली है।
डोभी ब्लाक के रामदेवपुर गांव के शशिकांत मिश्र व अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि ग्राम प्रधान ने उनके खाते में आया मजदूरी का पैसा जबरन निकलवा लिया है। उन्हें 200-300 रुपये देकर शेष पूरा पैसा अपने पास रख लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने केराकत के नायब तहसीलदार को जांच सौंपी। गांव में पहुंचकर नायब तहसीलदार ने मजदूरों का बयान दर्ज किया। अधिकांश मजदूरों ने खाते में आया पैसा निकालने का आरोप प्रधान पर लगाया। इस पूरे जांच प्रक्रिया की वीडियो ग्राफी भी कराई गई। नायब तहसीलदार ने इसकी रिपोर्ट डीएम को सौंपी। डीएम के आदेश पर शुक्रवार की रात ग्राम प्रधान प्रकाश यादव के विरुद्ध जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज किया गया। बता दें कि इसके पहले सदर, मड़ियाहूं और शाहगंज तहसील के भी कई प्रधानों पर इसी आरोप में केस दर्ज कराया गया है।