डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के परसुपुर गांव में रविवार को नीम के पेड़ से अधेड़ की लटकती लाश मिली। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
परसुपुर गांव निवासी नंदलाल शर्मा (48) शटरिंग का काम करता था। शनिवार को वह घर पर सोया था। सुबह उसकी लाश घर के पास ही नीम के पेड़ से लटकती देखी गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र आशीष शर्मा ने पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि पड़ोस के हटवा गांव के तीन लोगों से लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। वह आए दिन उन्हें प्रताड़ित करते रहते थे। एएसपी सिटी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है। उनकी तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।