सुइथाकलां। चर्चित ज्योतिषी हत्याकांंड में आरोपियों को हाईकोर्ट से जमानत मिलने की खुशी में एक आरोपी के बेटे ने डीजे बजाकर आतिशबाजी की थी। साथ ही पीडि़त परिवार को देख लेने की धमकी भी दी थी। पीड़ित परिवार ने एसपी को प्रार्थनापत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। ज्योतिषी रमेश तिवारी हत्याकांड के मामले में उनके बड़े भाई डॉ. उमेश चंद्र तिवारी ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि उक्त हत्याकांड में जौनपुर सत्र न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा पा चुके 12 अभियुक्तों में से 11 लोगों की 17 जनवरी को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। इस खुशी में एक अभियुक्त वीरेंद्र सिंह डाही के पुत्र अनुपम सिंह के नेतृत्व में कुछ अज्ञात लोगों ने डीजे बजाते हुए आतिशबाजी की। साथ ही पीड़ित परिवार को देख लेने की धमकी भी दी। आतिशबाजी व डीजे आदि का वीडियो इंटरनेट पर भी मौजूद है। इस पर तहरीर देने के बाद भी स्थानीय पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया। पीड़ितों ने शासन स्तर से पुलिस कप्तान को पत्र दिलवाया। इसके बाद कप्तान के आदेश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने नामजद आरोपी अनुपम सिंह सहित कुछ अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। प्रभारी थानाध्यक्ष जियाउद्दीन ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।