मछलीशहर। तहसील में कार्यरत लेखपाल ने कोतवाली में बुधवार को अपने हल्का के दो युवकों पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि युवकों ने लेखपाल और उसके साथी से दुर्व्यवहार करते हुए उनके काम में बाधा डालने के साथ ही जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया है।
बरसठी थाना क्षेत्र के चतुर्भुजपुर गांव निवासी अरविंद पटेल मछलीशहर तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात हैं। वह सोमवार को अपने हल्का गांव जमालपुर से किसान पहचान पत्र बनाकर तहसील लौट रहे थे। मछलीशहर मड़ियाहूं मार्ग पर जमालपुर गांव में स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे थे कि उसी गांव के संतोष यादव व उमेश उर्फ गोरे ने उनका रास्ता रोक लिया। बगैर कारण ही गालियां देने के साथ जान से मारने की धमकी दी। बस्ते में रखा सरकारी अभिलेख फाड़ दिया। इसी दौरान सिकरारा थाना क्षेत्र के तोफापुर गांव निवासी अधिवक्ता रमाशंकर सरोज भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्हें भी वे लोग गालियां देने के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया। किसी तरह से वहां से भागकर यह लोग तहसील पहुंचे और तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी। तहसीलदार के आदेशानुसार मंगलवार को कोतवाली में इन दोनों के खिलाफ तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, एसी-एसटी सहित अन्य धाराओं में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।