कार चालक समेत तीन पर केस दर्ज
- कार की टक्कर से मखदूमपुर के प्रधान की मौत का मामला
- घायल पूर्व प्रधान की तहरीर पर देर रात पुलिस ने दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
खुटहन। क्षेत्र के मखदूमपुर गांव में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार ग्राम प्रधान की मौत और पूर्व प्रधान के जख्मी होने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जख्मी पूर्व प्रधान की तहरीर पर गांव निवासी कार चालक सहित तीन के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। गांव में तनाव को देखते हुए एक प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है।
मखदूमपुर के ग्राम प्रधान तबरेज आलम शुक्रवार को अपनी बाइक से पूर्व प्रधान राकेश वर्मा को लेकर पटैला बाजार जा रहे थे। घर से थोड़ी दूरी पर विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में प्रधान तबरेज आलम की मौत हो गई, जबकि पूर्व प्रधान राकेश जख्मी हो गए। कार चालक का ग्राम प्रधान से कई वर्षों से रंजिश चली आ रही है। ग्रामीणों ने जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा मचाया था। प्रधान संघ ने भी थाने पहुंचकर हत्या का केस दर्ज करने की मांग की। देर रात एसपी अशोक कुमार ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसपी के निर्देश पर देर रात घायल पूर्व प्रधान राकेश वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक रामफेर वर्मा, राहुल वर्मा, प्रमोद वर्मा के विरुद्ध हत्या और हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया। गांव में दो पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए पीएसी लगाई गई है। सीओ जितेंद्र दुबे ने बताया कि हालात पर नजर रखी जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।