जौनपुर। खुटहन क्षेत्र के कैराडीह गांव में तीन माह पूर्व गोलबंद होकर पड़ोसी का घर उजाड़ने, तोड़फोड़ करने व घरेलू सामान उठाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। बुधवार को न्यायालय के आदेश पर तीन नामजद समेत 28 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की धर पकड़ के लिए गांव में दबिश दे रही है।
थानाध्यक्ष संजय वर्मा ने बताया कि ग्राम निवासी रमाशंकर यादव का आरोप था कि उनकी आबादी की भूमि और भवन को लेकर पड़ोसी प्रभाकर उर्फ अच्छेलाल यादव से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 27 दिसंबर 2020 की शाम प्रभाकर, सुरेंद्र प्रताप और महेंद्र प्रताप ने 25 अज्ञात मनबढ़ों के साथ लाठी-डंडा लेकर घर में जबरन घुस कर तोड़फोड़ किया। चहारदीवारी गिरा दी और घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान उठा ले गए। पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना थाने पर दी गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मजबूरी में न्यायालय की शरण में जाना पड़ा। अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय ने मामले की सुनवाई के उपरांत आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराने का आदेश जारी किया। इस आधार पर पुलिस ने 28 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।