मछलीशहर। बारावफात में सोमवार को जुलूस के दौरान कुछ युवकों की ओर से कथित रूप से फलीस्तीन के समर्थन में नारे लगाने के मामले में पुलिस ने सीरत कमेटी के अध्यक्ष समेत 11 लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने आठ नामजद और तीन अज्ञात पर केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
नारा लगाने का वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। इस मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार को बारावफात के जुलूस में बाइक सवार युवकों ने फलीस्तीन के समर्थन में नारे लगाए। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस अधिकारियों ने सीसी फुटेज और वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर सीरत कमेटी के अध्यक्ष सहित आठ नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बिना अनुमति बाइक जुलूस निकालने और धार्मिक उन्माद फैलाने पर उपनिरीक्षक अखिलेश यादव की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। मामले में सीरत कमेटी के अध्यक्ष तहसीम मुस्तफा, रिजवान, मोहम्मद इमरान, शाहरुख, तनवीर आलम, बल्लू, मोहम्मद तारीख, मोहम्मद काशिब समेत तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों को चिह्नित करके विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही गिरफ्तार कर किया जाएगा।