बदलापुर। स्थानीय कस्बे के सुल्तानपुर रोड पर स्थित पूरामुकुंद गांव के पास रविवार की रात कार सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर एयरटेल 5 जी पाइप बिछाने का कार्य कर रहे मजदूरों से आठ लाख कीमत की डीजी ट्रैक मशीन लूटकर फरार हो गए। रात में ही पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस चोरी का केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
वाराणसी-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पूरामुकुंद गांव के पास सड़क के किनारे-किनारे एअरटेल 5 जी की अंडर ग्राउंड पाइप बिछाने का काम एक सप्ताह से चल रहा था। रविवार की रात साढ़े दस बजे के करीब कार सवार चार बदमाश पहुंचे और कंटेनर ट्रक में सो रहे मजदूरों से डीजी ट्रैक मशीन पूछने लगे। न बताने पर मजदूर सुजाउद्दीन शेख, नूर इस्लाम, मासूम निवासी पश्चिम बंगाल, सूरज वर्मा निवासी गाजीपुर तथा प्रेमप्रकाश रसड़ा बलिया को तमंचे की मुठिया से मारकर डीजी ट्रैक मशीन (जो भूमि के अंदर लोकेशन बताती है) तथा दो मोबाइल लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मजदूरों ने अपने मालिक को दिया। इसके बाद यूपी डायल 112 को सूचना दिया। थोड़ी ही देर में पुलिस की चार गाड़ियां भारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर घेराबंदी में जुट गई । प्रभारी निरीक्षक मधुप कुमार सिंहने प्रोजेक्ट मैनेजर अमित यादव की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी है।