शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बरदहिया बाजार के पास सड़क किनारे खड़ी पिकअप में टक्कर मारकर भाग रहे कार चालक का पीछा करने पर कार सवार मनबढ़ों ने पिकअप चालक की पिटाई कर कार में बैठा लिया और सुल्तानपुर की तरफ भागने लगे। सूचना पर सक्रिय हुई सरपतहा थाने की पुलिस ने रामनगर के पास कार को रोककर पिकअप चालक को मुक्त कराया और कार कार सवार मनबढ़ों को हिरासत में ले लिया।
पिकअप चालक गैरवाह गांव निवासी रोहित बरदहियाबाजार के पास सड़क किनारे पिकअप खड़ी कर किसी से बात कर रहा था।उसी दौरान सुल्तानपुर की ओर जा रही कार ने पिकअप मे ंटक्कर मार दिया। टक्कर के बाद कार सवार ने तेज रफ्तार से भागने लगे। रोहित ने पिकअप से पीछा करते हुए करीब दो किलोमीटर आगे जाकर कार को रोक लिया। इतने में कार सवार मनबढ़ों ने चालक की पिटाई कर जबरन कार में बैठा लिया और सुल्तानपुर की तरफ भागने लगे। पिकअप चालक ने इसकी सूचना डायल 112 को दिया। सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने सरपतहा के रामनगर के पास कार रोकर चालक को मुक्त कराया और दोनों को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह का कहना है कि अपहरण की घटना नहीं है। वाहन की टक्कर को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर छानबीन की जा रही है।