ट्रेलर के धक्के से 20 फीट गहरे गड्ढे में पलटी अनियंत्रित कार। संवाद
चंदवक/धर्मापुर। जिले में बृहस्पतिवार की शाम को अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो कारें पलट गईं। चंदवक में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से कार सड़क किनारे 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी, जबकि पंचहटिया में हाईवे पर कार पलट गई। दोनों हादसों में दो लोग घायल हुए। पहली घटना चंदवक आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर गोमती पुल के पास बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे वाराणसी जा रही कार को सामने से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इससे कार चालक ने नियंत्रण खो दिया। कार सड़क किनारे करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। कार सवार चंदवक बाजार निवासी अजीत गुप्ता घायल हो गए, जबकि उनके बहनोई विवेक गुप्ता बाल-बाल बच गए। आसपास के लोगों ने घायल अजीत को सीएचसी डोभी पहुंचाया। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में ले लिया गया है। दूसरी घटना धर्मापुर जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर पंचहटिया स्थित प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल के पास बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे हुई। एक कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में पकड़ी निवासी नीरज यादव को चोट आई। चौकियां चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का प्राथमिक उपचार कराया। थाना प्रभारी लाइन बाजार विनीत राय ने बताया कि चालक खतरे से बाहर है। यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए कार को सड़क से हटवा दिया गया।