नगर में सामान लेने आए युवक की कार सोमवार की देर शाम स्टेशन रोड के पास से चोरों ने गायब कर दी जो पुलिस की सक्रियता के चलते महज पांच घंटे में ही बरामद हो गई। पुलिस ने वाहन स्वामी को उसे सौंपा तो उन्होंने पुलिस का शुक्रिया अदा किया।
खुटहन थाना क्षेत्र के तिघरा गांव निवासी पवन कुमार सोमवार को सामान खरीदने के लिए अपनी कार से नगर में आए थे। सामान कार में रखकर स्टेशन रोड समीप कार खड़ी कर जेसीज चौक पर आए थे। उसी समय चोरों ने कार गायब कर दी। देर शाम जब युवक घर जाने के लिए कार के पास पहुंचा तो कार गायब मिली। इसकी शिकायत उसने कोतवाली पुलिस में की। पुलिस ने देर रात लगभग पांच घंटे में ही कार को आजमगढ़ मार्ग स्थित सडक के किनारे लावारिस हालत में बरामद कर ली। सूचना पर पहुंचे वाहन स्वामी ने कार की पहचान की और उसमें रखे सामान की जांच की। पुलिस ने आवश्यक लिखा-पढ़ी कर कार वाहन स्वामी के सुपुर्द कर दी।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही वाहन की खोजबीन शुरू कर दी गई थी। वाहन बरामद होते ही वाहन स्वामी के सुपुर्द कर दी गई।