मछलीशहर। कोतवाली क्षेत्र के जौनपुर- रायबरेली हाईवे पर मिर्जवापुर गांव के पास सोमवार की सुबह 9 बजे श्रद्धालुओं से भरी कार अनियंत्रित होकर बिरवा नदी में पलट गई। इसमें चालक सहित 3 लोग सवार थे। इस घटना में 2 लोग घायल हो गये और चालक लापता हो गया। कोतवाली पुलिस ने दोनों घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दार्जिलिंग (बेस्ट बंगाल) थाना खड़ीबाड़ी के कुड़ी निवासी बाकू सिंह (35) व सोनू (30) महाकुंभ स्नान करने के बाद किराए की कार में सवार होकर घर वापस जा रहे थे। जैसे ही हाईवे स्थित गांव के पास बिरवा नदी के पुल के पास पहुंचे ही थे कि चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। राहगीरों ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से श्रद्धालुओं को कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच की जा रही है। संवाद