डोभी। चंदवक थाना क्षेत्र के नयनपुर गांव निवासी कांग्रेस नेता की कार पेड़ से टकरा गई। इससे कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। दो लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसा उस समय हुआ सभी लोग जिला मुख्यालय पर आयोजित पार्टी की बैठक में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर गोनौली गांव के पास असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चालक और कांग्रेसी नेता की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उक्त गांव निवासी कांग्रेस नेता भगवानदीन (28) जौनपुर में आयोजित पार्टी मीटिंग में भाग लेने कार से गए थे। वापस लौटते समय शाम करीब सात बजे आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर गोनौली गांव के पास कार असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे उसमें बैठे भगवानदीन, आनंद कुमार गुप्ता (22) और चालक धनंजय कुमार (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण घटना की सूचना एंबुलेंस को दी लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। ऑटो से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी भेजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख भगवानदीन और चालक धनंजय को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। एक का इलाज चल रहा है।