खेतासराय। स्थानीय बाजार में यूनियन बैंक के पास तेज गति से जा रही एक कार ने बुधवार की रात एक ट्रैक्टर ट्राली को धक्का मार दिया, जिससे सड़क पर जाम लग गया। जुटी भीड़ जब तक कुछ समझ पाती तब तक कार में सवार लोग कार छोड़ कर भाग गए। घटना के कुछ देर पहले कार के धक्के से दो युवक घायल हो चुके थे। जौनपुर की ओर से एक कार शाहगंज की तरफ तेजी से जा रही थी। वह खेतासराय बाजार स्थित यूनियन बैंक के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दिया। इस दौरान कार का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना के कुछ देर पहले यह कार मनेछा बाजार में सड़क की पटरी पर खड़े दो युवकों युनुसपुर निवासी वामिक (22) व कैफ(21) को धक्का मारी, जिससे दोनों युवक मामूली रूप से घायल हो गए थे । सूचना मिलने पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज प्रेम किशोर सिंह व यूपी डायल 112 ने मौके पर पहुंच कर कार की तलाशी ली। इस दौरान कार में से बीयर की कई केन व अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने कार में मिले कागजात के आधार पर फोन करके वाहन स्वामी को थाने बुलाया। साथ ही पुलिस ने देर रात जेसीबी की मदद से कार को हटाकर सड़क से जाम ख़त्म कराया।