केराकत। सरायबीरु चौराहे पर सोमवार की सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर अमर शहीद सरदार भगत सिंह की प्रतिमा से टकरा गई। दुर्घटना में प्रतिमा का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर जुटे मकालू सोनकर, सुनील सोनकर, सावन सोनकर और नितिन सोनकर आदि ग्रामीणों ने प्रतिमा बनवाने और दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराया।
विज्ञापन
केराकत के देवकली गांव निवासी सुभाष पाठक के परिवार के सात लोग भोर में चार बजे कार से वाराणसी के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव धाम दर्शन करने के लिए जा रहे थे। सरायबीरु चौराहे के पास चालक कार से नियंत्रण खो दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में शिवम मिश्रा (24), आशुतोष पाठक (19), मानवी पाठक (16), राधिका पाठक (73), सुभाष पाठक (74), कौशल पाठक (42) और सुधा पाठक (40) घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां सभी का उपचार चल रहा है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।