जिले की सीमा से सटे बरदह विद्युत उपकेंद्र के समीप खड़े ट्रक में टकराने से कार सवार एक युवक की मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हो गए। सभी का अलग-अलग निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरा गांव निवासी अनूप कुमार सिंह (25) बुधवार की देर रात करीब 11 बजे आजमगढ़ से अपनी कार से गौरा लौट रहे थे। कार वह खुद चला रहे थे। पीछे की सीट पर तीन अन्य लोग भी बैठे थे। कार बरदह पावर हाउस के सामने से गुजर रही थी, इसी बीच अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में टकरा गई। हादसे में कार सवारों को गंभीर चोट आईं। उन्हें जिला अस्पताल जौनपुर लाया गया। यहां उपचार के दौरान अनूप कुमार की मौत हो गई। कार सवार अन्य लोगों को अलग-अलग निजी चिकित्सालयों में ले जाया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।