कार के इंजन में हुए अचानक शॉट सर्किट से लगी आग, धू धू कर जलती कार। पाठक
- फोटो : सांकेतिक
मुंगराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव से लौट रहे चार लोग मंगलवार शाम एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। प्रयागराज मार्ग पर कमालपुर गांव के पास चलती कार में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। साहसी युवकों की तत्परता से कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रयागराज जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के सरवाडीह गांव निवासी आशीष यादव अपने साथियों के साथ किसी कार्य से मधुपुर आए थे। मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे वे कार से वापस घर लौट रहे थे। कमालपुर गांव के समीप पहुंचते ही कार के इंजन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार लपटों से घिर गई। कार में चार लोग सवार थे। आग की भयावहता और उठते धुएं को देखकर राहगीर व ग्रामीण मौके पर जुट गए, लेकिन कोई भी कार के नजदीक जाने का साहस नहीं कर पा रहा था।
इसी बीच कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए जलती कार का दरवाजा खोलकर अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान आग की चपेट में आने से एक-दो लोगों के मामूली रूप से झुलसने की भी सूचना है। घटना के बाद आसपास के गांवों से लोग पहुंच गए।
ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। हादसे में कार को भारी नुकसान हुआ है। संवाद