कोविड-19 से प्रभावित महिलाओं की आर्थिक स्थिति व सामाजिक सुरक्षा के लिए अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी ने बताया कि महामारी ने समाज को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया है। कई महिलाओं ने अपने पति को खो दिया है। आज की स्थिति में उनके लिए जोखिमों जैसे आगे के जीवनयापन, घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, भेदभाव, दुर्व्यवहार के साथ- मानव तस्करी में पड़ने की बहुत अधिक संभावनाएं हैं। ऐसी महिलाओं को उनके संरक्षण व उन्नयन के लिए आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़े जाने के साथ-साथ जीवनयापन के लिए नए अवसर प्रदान करने के लिए कार्य किया जाएगा। पात्र महिलाओं और उनके आश्रितों को महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, पति की मृत्युपरांत निराश्रित महिला की पुत्री की शादी अनुदान योजना आदि योजनाओं से लाभान्वित किए जाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाना है। यह सभी कार्यवाही 15 दिनों में पूरी कर लिए जाने का निर्देश है।