जनपद में परिषदीय विद्यालयों की बच्चों की संख्या बढ़ाने के लिए स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। 22 दिनों में 103 विद्यालयों में एक भी नए छात्र का प्रवेश नहीं हुआ है। मामले को को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी है कि तय समय सीमा में भी नए छात्रों का प्रवेश नहीं होने पर विद्यालय के पूरे स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनपद में कुल 2807 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। चालू सत्र में 50 हजार नए छात्रों के नामांकन का लक्ष्य रखा गया है। कई स्कूलों में नए बच्चों का नामांकन शून्य है। जिले के एक भी नए छात्र का नामांकन न करने वाले 103 परिषदीय विद्यालयों में सबसे अधिक 17 विद्यालय मड़ियाहूं ब्लाॅक के हैं। शाहगंज ब्लाॅक के 16, सिरकोनी के 11, सुईथाकला ब्लाॅक के 10, सिकरारा के 8, रामनगर के 7, करंजाकला के 6, बरसठी, डोभी, खुटहन, मछलीशहर और सुजानगंज के 4-4 विद्यालय शामिल हैं। इसी प्रकार महराजगंज व रामपुर ब्लाॅक के 2-2 विद्यालय शामिल हैं।
डॉ. गोरखनाथ पटेल, बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर ने बताया कि नामांकन बढ़ाने के लिए हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की गई है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में केवल 103 ऐसे विद्यालय हैं, जहां नया नामांकन नहीं हुआ है। शून्य नामांकन वाले स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया गया है। दो दिन में प्रगति ठीक नहीं होती है तो पूरे स्टाफ पर कार्रवाई की जाएगी।