लाइनबाजार पुलिस ने स्वयं को खुद को जिला जज बताने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को चालान कर दिया। यह मामला तब सामने आया, जब आरोपी अपने भूमि विवाद के मामले को लेकर जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे थे। बातचीत में शक के आधार पर डीएम ने दोनों को पकड़ लिया।
लाइनबाजार थाना क्षेत्र के गोधना निवासी सौरभ शुक्ला, सलखापुर निवासी श्याम श्रीवास्तव का कोई भूमि विवाद चल रहा है। ऐसे में उनके द्वारा बृहस्पतिवार को स्वयं को बिजनौर का जिला जज बताकर जिलाधिकारी अनुज कुमार झा को व्हाट्सएप पर मैसेज किया गया। कुछ देर बाद सीयूजी नंबर पर फोन किया और स्वयं को जिला जज बिजनौर बताया। फोन उठाने वाले ने कहा कि साहब बैठे हैं, आकर मुलाकात कर लीजिए। दोनों स्वयं प्रार्थना पत्र लेकर पहुंच गए। उनकी उम्र व बातचीत के तरीके पर जिलाधिकारी को शक हुआ तो दोनों को लाइन बाजार पुलिस को बुलाकर उनके हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार करके धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। चौकी प्रभारी जेल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया।