जौनपुर-आजमगढ़ एनएच पर गौराबादशाहपुर कस्बे से पांच किमी बाईपास सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसे डीएम मनीष कुमार वर्मा ने 25 जून तक चालू करने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया था, लेकिन ऐसा संभव होता नहीं दिखाई दे रहा है। कारण, बारिश के कारण बाईपास सड़क का निर्माण कार्य धीमा पड़ गया है। अभी भी 130 मीटर सड़क बनाया जाना बाकी है।
जौनपुर-आजमगढ़ एनएच पर नगर पंचायत गौराबादशाहपुर क्षेत्र के विथार गांव के पास से बाईपास चोरसंड, इकरामगंज, बमैला व गौरा गांव की तरफ से होते हुए आजमगढ़ जिले के जीवली बाजार तक बनाया जा रहा है। इस बाईपास को पीडब्लूडी की ओर से बनवाया जा रहा है। जिसकी दूरी लगभग साढ़े पांच किलोमीटर है। इस बाईपास का निर्माण पिछले तीन वर्षों से चल रहा है। बाईपास का निर्माण शीघ्र हो सके, इसके लिए डीएम मनीष कुमार वर्मा ने पिछले दिनों पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच की थी। इस दौरान पीडब्लूडी के सहायक अभियंता अभय यादव व अवर अभियंता क़ुतुबुद्दीन को 25 जून तक हर हाल में बाईपास का निर्माण पूरा कर आवागमन शुरू करने का निर्देश दिया था। जिसके बाद बाईपास के निर्माण में विभाग तेजी से जुट गया, लेकिन अभी भी 130 मीटर सड़क और बनाया जाना बाकी है। हालांकि जिम्मेदार बाईपास को डीएम की ओर से दिय गए समय पर पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे इसमें कितना सफल हो सकते हैं। यह तो समय बताएगा। पीडब्ल्यूडी के सुपरवाइजर आरके द्विवेदी का कहना है कि बारिश के कारण बाईपास के निर्माण का कार्य तेजी से नहीं हो पाया है। डीएम की ओर से तय समय पर बाईपास के निर्माण को पूरा करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी बाईपास का निर्माण पूरा होने में दो-तीन दिन का समय लग सकता है।