स्वदेशी जागरण मंच की तरफ से नगर भ्रमण पर निकली स्वदेशी रथ यात्रा।
स्वदेशी जागरण मंच के नेतृत्व में भारत माता मंदिर काशी से निकली स्वदेशी संकल्प यात्रा शुक्रवार को जिले में पहुंची। ग्रामीण इलाकों के अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सभी को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए जागरूक किया। विदेशी सामानों का बहिष्कार करने के लिए संकल्प दिलाया। जिले के बरसठी ब्लाक की सीमा पर यात्रा का स्वागत किया गया। यात्रा में शामिल लोग काशी प्रांत के 28 जिलों का भ्रमण कर सभी को स्वदेश सामानों का उपयोग करने के लिए जागरूक करेंगे।
स्वदेशी संकल्प यात्रा बरसठी से शुरू होकर रामपुर, मड़ियाहूं, रामदयालगंज से जौनपुर शहर पहुंचा। शहर के टीडी कालेज रोड, जेसिज, ओलंदगंज, चहारसू, कोतवाली, सब्जी मंडी, शाही किला, सिपाह का भ्रमण कर सभी को विदेशी सामानों का बहिष्कार करने की अपील की। चाइनीज सामानों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने के लिए नागरिकों को संकल्प दिलाया। स्वदेशी जागरण मंच के प्रांतीय संपर्क प्रमुख एवं समन्वयक स्वदेशी संकल्प रथयात्रा आनंद श्रीवास्तव ने कहा कि देश के हर नागरिक तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि अपना स्वदेशी सामान खरीदे।
भदोही के कालीन व्यापार व बनारसी साड़ी पर भी चाइना का कब्जा होता जा रहा है। हम शपथ लेते है कि पूर्ण रूप से चाइना के सामानों का विरोध करेंगे। इस मौके पर अजय, विजय, राजीव श्रीवास्तव, हिमांशु सिंह, राकेश तिवारी, आलोक, नागेंद्र, संजय पाठक, अजय सरोज, सुनील, राजेश, सुभाष, रवि आदि रहे।