मछलीशहर कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के चकघसीटा गांव में छापामारकर अवैध शराब बनाने के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए मौके से भारी मात्रा में सामान बरामद किया है।
पुलिस का वाहन देखते ही कारोबार में लगे लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चकघसीटा गांव निवासी विनोद कुमार पुत्र राजपति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पंचायत चुनाव के मद्देनजर शराब की अधिक खपत को देखते हुए आबकारी विभाग ने भी अपनी गश्त तेज कर दी है। शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम क्षेत्र में भ्रमण पर थी उसी दौरान सूचना मिली कि चकघसीटा गांव में शराब का अवैध कारोबार चल रहा है।
मछलीशहर कोतवाली के सब इस्पेक्टर चक्र धारी ओझा के साथ आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर गुलाब सिंह, अरुण कुमार यादव, राजेश्वर आदि गांव में पहुंच गए। एक घर में यहां अवैध शराब बनाने का कारोबार चल रहा था।
पुलिस की गाड़ी पहुंची तो वहां से सभी फरार हो चुके थे। आबकारी टीम ने मौके से 60 लीटर अवैध शराब, शराब पैकिंग मशीन, आधा बंडल हैलोग्राम, 50 रैपर, एक लीटर कैरेमल, 900 खाली शीशी, 2000 ढक्कन,
छह खाली जरकिन, एक बड़ा ड्रम, दो स्टील की टंकी, एक खाली टब, एक पेटी पैकिंग टेप, एक अल्कोहल मीटर बरामद हुआ। सारा सामान कोतवाली में रखवा दिया गया है।