21- जनपद में व्यापारीयों के साथ बढ़ रही अपराधिक घटनाओं की राकथाम के लिए एसपी कार्यालय में एसपी को प?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को एसपी रवि शंकर छवि से मिला। ज्ञापन सौंपते हुए बढ़ते अपराध पर चिंता जताई। महालक्ष्मी ज्वेलर्स, मछलीशहर एक्सिस बैंक लूट, बैटी-इंवर्टर की दुकान में भीषण चोरी, बदलापुर में एक ही रात सब्जी, आभूषण सहित कई दुकानों में चोरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। व्यापारियों ने कहा कि ऐसे ही अपराधी बेलगाम रहे तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। आखिर पुलिस कर क्या रही है। उन्होंने महालक्ष्मी ज्वेलर्स से लूटे गए माल की बरामदगी और बदमाशों की गिरफ्तारी न होने पर भी नाराजगी जाहिर की। कहा कि अगर बदमाश पकड़ लिए गए तो लूट का सामान क्यों नहीं मिल रहा। जिलाध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने कहा कि पुलिस ऑफिस, थाना और चौकी से चंद मीटर की दूरी पर हो रही वारदातों से आम जनता में पुलिस के प्रति अविश्वास पैदा हो रहा है। व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस अगर सुरक्षित माहौल तैयार नहीं करती तो व्यापार मंडल को मजबूरन आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ेगा। ज्ञापन देने वालों में अनवारुल हक, अशोक साहू, संजीव साहू, हसन अब्बास, अमरनाथ मोदनवाल, पवन जायसवाल, संभव जायसवाल, शुभम श्रीवास्तव, विजय मौर्य, सुभाष मौर्य, सुनील चौरसिया, अवधेश श्रीवास्तव, प्रमोद सिंह, गिरीश जायसवाल, दिनेश यादव, दशरथ यादव आदि मौजूद रहे।